स्पेशल सेल को मिली खुफिया सूचना के आधार पर दिल्ली और पंजाब में कई जगहों पर छापेमारी की गई।आरोपी पाकिस्तान से हथियार और ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ मंगवाने और दिल्ली-एनसीआर में हमले की साजिश रच रहे थे
Updated at : 02 Jul 2026, 05:31 pm (IST)
Source : RASHTRIYA SAMACHAR
दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिल्ली-एनसीआर में संभावित बड़े आतंकी हमले को रोकने में अहम साबित हुई है।
पुलिस जांच के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे। यह नेटवर्क पंजाब और दिल्ली तक फैला हुआ था, जिसमें युवाओं को भर्ती कर आतंकी गतिविधियों में शामिल किया जा रहा था।
स्पेशल सेल को मिली खुफिया सूचना के आधार पर दिल्ली और पंजाब में कई जगहों पर छापेमारी की गई। सबसे पहले अमृतसर के मजीठा रोड इलाके से शुबदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियार व नशीले पदार्थ मंगवाता था।
इसके बाद पुलिस ने उसके दो सहयोगियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को भी पंजाब से गिरफ्तार किया। इनके पास से विदेशी जिगाना पिस्टल और अन्य हथियार बरामद हुए। वहीं चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जो सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के हैंडलरों से जुड़ा था और उसे दिल्ली में पुलिस थानों व संवेदनशील स्थानों की रेकी करने का काम सौंपा गया था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे ताकि सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बच सकें। ये नंबर पाकिस्तान से उपलब्ध कराए गए थे। इस नेटवर्क के जरिए न सिर्फ हथियारों की सप्लाई बल्कि नार्को-टेरर फंडिंग भी की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, यह मॉड्यूल पंजाब के सीमावर्ती इलाकों से संचालित हो रहा था, जहां ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हथियार और नशीले पदार्थ भेजे जा रहे थे। बरामद मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल सबूत भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि इसके अन्य सदस्यों और भारत में इसके संभावित संपर्कों का पता लगाया जा सके। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह एक बड़ा क्रॉस-बॉर्डर आतंकी और नार्को नेटवर्क है, जिसे पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।
Published at : 02 Jul 2026, 09:32 am (IST)
Tags : Population / #india news / #nationalnews / #news today
5 PHOTOS
7 PHOTOS
5 PHOTOS