हैदराबाद में EAGLE फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.18 करोड़ रुपये का 237 किलो गांजा जब्त किया। ओडिशा से पुणे ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार, पूरे नेटवर्क की जांच जारी।
By : Admin User | Updated at : 17 Jul 2026, 02:39 pm (IST)
हैदराबाद: तेलंगाना की EAGLE (Elite Action Group for Drug Law Enforcement) फोर्स ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-65 (NH-65) पर एक लॉरी कंटेनर से 237 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.18 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि पूरे नेटवर्क की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद EAGLE फोर्स की स्टेट टास्क फोर्स और रचाकोंडा नारकोटिक्स पुलिस स्टेशन की संयुक्त टीम ने विजयवाड़ा-मुंबई हाईवे पर YNR फंक्शन हॉल के पास घेराबंदी की। जांच के दौरान लॉरी कंटेनर के केबिन में छिपाकर रखी गई 10 बोरियों से 237 किलो गांजा बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राजेश कुमार, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, मुंबई में ट्रांसपोर्ट का काम करता था। वहीं दूसरा आरोपी अनिल रंगनाथ बिचारे महाराष्ट्र के पुणे का निवासी है। दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर पुणे और मुंबई में सप्लाई करने वाले गिरोह के संपर्क में थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सरगनाओं ने राजेश कुमार को सेकेंड-हैंड लॉरी खरीदने के लिए आर्थिक मदद दी थी। बदले में उसे ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजे की खेप पहुंचाने का जिम्मा सौंपा गया। आरोपियों को यात्रा खर्च और कमीशन के तौर पर भी पैसे दिए गए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले विजयवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने माल उतारने के बाद ओडिशा के रायगढ़ जिले के गुनपुर गांव जाकर गांजे की खेप का इंतजार किया। दो दिन तक माल नहीं मिलने पर वे विशाखापत्तनम लौटे और बाद में 14 जुलाई की रात उन्हें 10 बोरियों में गांजा सौंपा गया, जिसे लेकर वे हैदराबाद होते हुए पुणे जा रहे थे।
शुरुआत में दोनों आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच में उनकी लोकेशन ओडिशा के गुनपुर में मिली। इसके बाद पूछताछ में उन्होंने लॉरी के केबिन में गांजा छिपाकर ले जाने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने बताया कि पिछले दो महीनों में EAGLE फोर्स करीब 1,500 किलोग्राम गांजा जब्त कर चुकी है। इस मामले में रचाकोंडा नारकोटिक्स पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों के साथ पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश की जा रही है।
Published at : 17 Jul 2026, 01:02 pm (IST)
Tags : #Hyderabad #Hawala #DevagiriExpress #CashSeized #Telangana #GRP #RPF #CrimeNews #IndiaNews